कोलकाता : भाजपा विधायक और बंगाली फिल्म अभिनेता हिरन चटर्जी मुसीबत में फंस गए हैं। उनकी पत्नी अनिंदिता ने उनके खिलाफ मानसिक और शारीरिक क्रूरता तथा तलाक लिए बिना दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। अनिंदिता ने हिरन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक बीजेपी विधायक से पूछताछ नहीं की है।
आनंदपुर पुलिस स्टेशन ने गुरुवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 82 (1) (पति या पत्नी के जीवित रहते दोबारा शादी करना), 85 (क्रूरता) और 54 (उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया। हिरन, जिनका आधिकारिक नाम हिरनमोय चट्टोपाध्याय है, के अलावा एफआईआर में मॉडल रितिका गिरी का भी नाम है, जिनसे उन्होंने कथित तौर पर शादी की है।
वाराणसी में हुई शादी
हिरन उस समय विवादों के घेरे में आ गए जब 20 जनवरी को उनकी दूसरी शादी की तस्वीरें ऑनलाइन सामने आईं। इन तस्वीरों में हिरन और रितिका वाराणसी में पारंपरिक हिंदू विवाह समारोह करते हुए दिखाई दे रहे थे। इन तस्वीरों में गिरी लाल बनारसी साड़ी में और विधायक पीले कुर्ते में नजर आ रहे थे। ये तस्वीरें पहले हिरन के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई थीं, लेकिन बाद में हटा दी गईं, जिससे अटकलें और सार्वजनिक जांच का सिलसिला तेज हो गया।
अनिंदिता ने क्या कहा
अपनी शिकायत में अनिंदिता ने कहा कि उनकी और हिरन की शादी 11 दिसंबर, 2000 से कानूनी तौर पर हुई थी। दोनों न तो अलग हुए हैं और न ही उनका तलाक हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक मानसिक और शारीरिक यातनाएं झेलीं, लेकिन अपनी बेटी और परिवार की प्रतिष्ठा के लिए चुप रहना चुना। शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अनिंदिता ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पति की शादी के बारे में जानकर उन्हें अपमान और गहरा सदमा लगा।
वियतनाम घूम रहे बीजेपी विधायक
अनिंदिता ने कहा कि हिरन ने मुझे बार-बार धोखा दिया, लेकिन मैं उसे माफ करती रही क्योंकि मैं शादी खत्म नहीं करना चाहती थी। मुझे सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि वह रितिका गिरी के साथ वियतनाम में छुट्टियां मना रहा है, जिससे उसने शादी करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि हिरन लंबे समय से संपर्क से बाहर है। मुझे सच में नहीं पता कि वह क्या चाहता है, क्योंकि वह अक्सर मुझसे कहता था कि रितिका उसे ब्लैकमेल कर रही है और उनके बीच कोई रिश्ता नहीं है।
खड़गपुर में है रितिका का घर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनिंदिता और हिरन का पता आनंदपुर स्थित एक परिसर का है। जबकि हिरन का एक और पता खड़गपुर का है। वहीं रितिका का पता भी खड़गपुर के गोकुलपुर स्टेशन रोड पर दर्ज है। एक अधिकारी ने बताया कि जांच में सहयोग के लिए सभी संबंधित पक्षों को कानूनी नोटिस जारी किए जाएंगे। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिरन का नहीं आया बयान
रितिका ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोपों का जवाब देते हुए गैरकानूनी होने और अपनी उम्र के बारे में गलत जानकारी देने के दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अनिंदिता को तलाक का कानूनी नोटिस भेजा गया था। उन्होंने बताया कि वह हिरन के साथ पांच साल से रिश्ते में थीं, जिसके बारे में अनिंदिता को जानकारी थी। यह पोस्ट अब ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है। अनिंदिता ने इन दावों को झूठा बताया। वहीं इस मामले में हिरन का बयान नहीं आया है।

