आजमगढ़ – जनपद आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब, हथियार और फर्जी नंबर प्लेट लगा मालवाहक वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गणतंत्र दिवस को देखते हुए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार नंबर की एक मालवाहक गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब उत्तर प्रदेश से बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने चिरैयाकोट-मऊ मार्ग पर साईं ढाबा के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में एक संदिग्ध वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वाहन चालक ने बैरियर तोड़ते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने पीछा किया तो लंगड़ा बाबा मैदान के पास वाहन ईंटों के ढेर में फंस गया। खुद को घिरा देख वाहन सवार दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने की कोशिश में पकड़ा गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में घायल की पहचान कुंदन कुमार तथा गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजन कुमार, दोनों निवासी जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। कुंदन कुमार पर बिहार में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि बिहार में शराबबंदी के कारण वे यूपी से शराब लाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे और पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने 60 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, दो तमंचे, चार कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और लोडर वाहन बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version