होशियारपुर: पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग की टीम ने भारी सुरक्षा के बीच होशियारपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि अधिकारी घर की तलाशी लेकर दस्तावेजों और अन्य अहम सबूतों की जांच कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान घर के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।
फिलहाल जांच से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई पहले से चल रहे मामलों से जुड़ी हो सकती है। सुंदर शाम अरोड़ा पर औद्योगिक प्लॉट आवंटन में कथित अनियमितताओं और ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। इससे पहले विजिलेंस विभाग उन्हें गिरफ्तार कर चुका है। अब ईडी की कार्रवाई से जांच का दायरा और व्यापक होने के संकेत मिल रहे हैं। अधिकारियों की जांच जारी है और किसी भी बड़ी बरामदगी या आगे की कार्रवाई को लेकर अभी पुष्टि नहीं की गई है।

