संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बास्केटबॉल, क्रिकेट और कबड्डी प्रतियोगिता 2025-26 के लिए राज्य दल के गठन हेतु चयन ट्रायल की तिथियों की घोषणा कर दी गई है । कबड्डी (महिला/पुरुष) का ट्रायल 30 जनवरी 2026 को स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केन्द्र, बहतराई, बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा । बास्केटबॉल (महिला/पुरुष) का ट्रायल 02 फरवरी 2026 को पुलिस लाईन बास्केटबॉल ग्राउंड, रायपुर में होगा और क्रिकेट (पुरुष) का चयन ट्रायल 03 फरवरी 2026 को मनीग्रीव क्रिकेट अकादमी, रायपुर में संपन्न होगा । सभी खेलों के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण ट्रायल वाले दिन प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक किया जाएगा ।
इस चयन प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के विभिन्न विभागों में पदस्थ इच्छुक अधिकारी व कर्मचारी भाग ले सकते हैं, जिनमें शिक्षा विभाग में संविलियन किए गए शिक्षक (LB) भी सीधे शामिल हो सकेंगे । हालांकि, रक्षा सेवाओं, अर्धसैनिक संगठनों, पुलिस, स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी और 06 माह से कम शासकीय सेवा वाले कर्मचारी इस प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होंगे । ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और पहचान पत्र लाना अनिवार्य है, जिसके बिना उन्हें पात्रता नहीं दी जाएगी । चयनित खिलाड़ी फरवरी 2026 में नई दिल्ली और चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे । इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए विभाग के संबंधित खेल प्रशिक्षकों (रायपुर: श्री टी.एन. रेड्डी, बिलासपुर: श्री दिल कुमार राठौर) से संपर्क कर सकते हैं ।

