हैदराबाद: तेलंगाना मिड-डे मील खाने से 22 छात्रों के बीमार पड़ने की घटना सामने आई है। राज्य के संगारेड्डी जिले के एक प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद लगभग 22 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को एक पुलिस अधिकारी के अनुसार छात्रों ने दोपहर में सांभर और चावल खाया था और जल्द ही उन्हें पेट दर्द और बेचैनी जैसे लक्षण महसूस होने लगे। छात्रों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि सभी 22 छात्रों की हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद हड़कंप की स्थिति है।
पेट में दर्द के बाद कराया गया भर्ती
नारायणखेड़ के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर सांभर और चावल खाने के बाद लगभग 22 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें पेट दर्द जैसे लक्षण महसूस हुए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सभी की हालत स्थिर है, और हमें उम्मीद है कि उन्हें आज रात तक छुट्टी दे दी जाएगी। हमें माता-पिता से कोई शिकायत नहीं मिली है। बीमारी के कारण के बारे में और जानकारी का इंतजार है। जिले के अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।
तमिलनाडु में 33 छात्र पड़े थे बीमार
संगारेड्डी में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के बीमार पड़ने से जिले में हड़कंप मच गया है। गनीमत यह है कि सभी बच्चों का स्वास्थ्य नियंत्रण में है। तेलंगाना में यह घटना ऐसे वक्त पर सामने आई है जब इसी महीने की 4 तारीख को तमिलनाडु के कोयंबटूर के पास ओडक्कलपलयम सरकारी मिडिल स्कूल में भी ऐसी ही घटना हुई है। वहां पर मिड-डे मील खाने के बाद 33 से ज़्यादा छात्र बीमार पड़ गए थे।

