मुंबई, महाराष्ट्र की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है. पवार परिवार और एनसीपी की अंदरूनी सियासत के बीच सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना तय हो गया है. राजभवन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा. इस बीच विभागों के बंटवारे, बजट सत्र और एनसीपी के विलिनीकरण को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं.

सुनेत्रा पवार के पास रहेंगे ये अहम विभाग

सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को खेल विभाग और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. वहीं, अजित पवार के पास पहले से रहा वित्त विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहेगा. इसका सीधा मतलब है कि आने वाले बजट को फडणवीस ही पेश करेंगे.

देवेंद्र फडणवीस पेश करेंगे बजट

महाराष्ट्र का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. मौजूदा हालात को देखते हुए यह तय हो गया है कि इस बार बजट देवेंद्र फडणवीस ही पेश करेंगे. राजनीतिक हलचल के बीच बजट सत्र को बेहद अहम माना जा रहा है.

विलिनीकरण को लेकर अजित पवार गुट में नाराजगी

एनसीपी के विलिनीकरण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. अजित पवार के विधायक और मंत्री किसी भी तरह के विलिनीकरण के पक्ष में नहीं हैं. शरद पवार की पार्टी से बातचीत जरूर चल रही है, लेकिन अजित पवार गुट में इसका खुला विरोध है.

खास तौर पर सुप्रिया सुले को लेकर अजित पवार समर्थक नेताओं और विधायकों में नाराजगी बताई जा रही है. पार्टी चाहती है कि विलिनीकरण की चर्चाओं पर अब पूरी तरह विराम लगे.

राजभवन में शपथ, सिर्फ 10 मिनट का कार्यक्रम

लोकभवन से आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, राज्यपाल आचार्य देवव्रत शाम 4 बजे देहरादून से मुंबई पहुंचेंगे. इसके बाद ठीक 5 बजे सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण होगा. आज का समारोह महज 10 मिनट का होगा और फिलहाल केवल एजेंसियों को ही एंट्री दी गई है.

सूत्रों की मानें तो सुनेत्रा पवार थोड़ी देर में अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देने वाली हैं. यह इस्तीफा राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को भेजा जाएगा. इस्तीफे के बाद दोपहर में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा और फिर शाम को शपथ ग्रहण होगा.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version