नई दिल्ली। फरवरी की शुरुआत महंगाई के झटके साथ हुई है। तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी की है, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में रविवार से 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 1,740.50 रुपए का हो गया है। यह मई 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। जनवरी में इसकी कीमत 111 रुपए बढ़ाकर 1,691.50 रुपए की गई थी। इसी प्रकार, इस साल यह 159.50 रुपए महंगा हो चुका है। वाणिज्यिक गैस सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्त्रां, ढाबों समेत सभी गैर-घरेलू उद्देश्यों के लिए होता है।

देश के अन्य मेट्रो शहरों में भी कीमतों में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गई है। कोलकाता और मुंबई में इसके दाम 49.50 रुपए बढ़े हैं। अब कोलकाता में नई कीमत 1,844.50 रुपए और मुंबई में 1,692 रुपए हो गई है। चेन्नई में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 50 रुपए महंगा होकर आज से 1,899.50 रुपए का मिलेगा। वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 08 अप्रैल 2025 के बाद से कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपए, कोलकाता में 879 रुपए, मुंबई में 852.50 रुपए और चेन्नई में 868.50 रुपए पर स्थिर है। बता दें कि तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस की कीमतों की हर महीने समीक्षा करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में बदलाव और डॉलर की तुलना में रुपए की विनिमय दर के आधार पर आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख से नई कीमतें तय की जाती हैं।

विमान ईंधन सस्ता

घरेलू विमान सेवा कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए तेल विपणन कंपनियों ने विमान ईंधन की कीमतों में लगभग एक प्रतिशत की कटौती की है। यह लगातार दूसरा महीना है जब देश में विमान ईंधन की कीमत कम हुई है। इससे पहले 01 जनवरी से यह करीब सात प्रतिशत सस्ता हुआ था। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार से दिल्ली में विमान ईंधन का मूल्य 929.63 रुपए (1.01 प्रतिशत) घटकर 91,393 रुपए प्रति किलोलीटर रह गया है। इससे पहले जनवरी में इसकी कीमत 7.38 प्रतिशत कम हुई थी। कोलकाता में यह 932 रुपए (0.98 प्रतिशत) सस्ता होकर 94,446 रुपए प्रति किलोलीटर और मुंबई में 878 रुपए (1.02 प्रतिशत) सस्ता होकर 85,475 रुपये प्रति किलोलीटर का हो गया है। चेन्नई में विमान ईंधन की कीमत 988 रुपए (1.03 प्रतिशत) कम करके आज से 94,782 रुपए कर दी गई है। विमान ईंधन के दाम कम होने से पहले से वित्तीय दबाव झेल रही घरेलू विमान सेवा कंपनियों को फायदा होगा। उनके कुल व्यय का 35 से 40 प्रतिशत ईंधन पर खर्च होता है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version