Tips To Reduce Workplace Stress: ऑफिस में काम करते-करते कई बार बहुत ज्यादा तनाव हो जाता है. इससे लोगों का काम करने का मन नहीं करता है और परेशानी होने लगती है. अगर आप भी तनाव से जूझ रहे हैं, तो छोटे-छोटे ब्रेक, सही प्लानिंग, हल्की एक्सरसाइज, डीप ब्रीदिंग और वर्क-लाइफ बैलेंस अपनाएं. इससे आप ऑफिस स्ट्रेस कंट्रोल कर सकते हैं.
देश में कॉरपोरेट कल्चर तेजी से बढ़ रहा है और अधिकतर कंपनियां इसे फॉलो कर रही हैं. अब ऑफिस का काम सिर्फ फाइलों और मीटिंग्स तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि लोगों पर डेडलाइन का दबाव और परफॉर्मेंस टारगेट का भी प्रेशर है. इसके अलावा कई घंटों तक स्क्रीन एक्सपोजर भी कर्मचारियों का स्ट्रेस बढ़ा रहा है. लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठकर काम करना, काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन न बन पाना मानसिक समस्याएं पैदा कर रहा है. ऑफिस का स्ट्रेस लोगों की निजी जिंदगी को भी बर्बाद कर रहा है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो वक्त रहते ऑफिस स्ट्रेस को मैनेज न किया जाए तो यह एंजायटी, डिप्रेशन और लाइफस्टाइल बीमारियों में बदल सकता है.
ऑफिस स्ट्रेस से छुटकारा पाने के 5 तरीके
छोटे-छोटे ब्रेक लेना : लगातार कई घंटों तक बिना रुके काम करना दिमाग को थका देता है. इससे तनाव होने लगता है. एक्सपर्ट्स की मानें तो स्ट्रेस से बचने के लिए काम के बीच हर 60 से 90 मिनट में 5 से 10 मिनट का ब्रेक जरूर लें. इससे दिमाग को रिफ्रेश होने का मौका मिलता है. ब्रेक में कुर्सी से उठकर थोड़ा चलें, खिड़की के पास जाकर गहरी सांस लें और आंखों को आराम दें. इससे आपका तनाव कुछ ही मिनटों में कम हो सकता है.
वर्क प्लानिंग और प्रायोरिटी तय करना : कई बार ऑफिस में काम की वजह से स्ट्रेस नहीं होता है, बल्कि प्रॉपर प्लानिंग न होने की वजह से तनाव हो जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि कर्मचारियों को दिन की शुरुआत में ही जरूरी कामों की लिस्ट बनानी चाहिए और उन्हें प्रायोरिटी पर पूरा भी करें. इससे काम का दबाव कम महसूस होता है और दिन के अंत में तनाव कम होता है. स्मार्ट प्लानिंग से आप ऑफिस में स्ट्रेस कम कर सकते हैं.
डेस्क पर ही थोड़ा फिजिकल एक्टिविटी करें : घंटों एक ही पोजिशन में बैठे रहने से शरीर में जकड़न और दिमाग में बेचैनी बढ़ती है. डेस्क पर बैठकर गर्दन, कंधे और पीठ की हल्की स्ट्रेचिंग करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और तनाव कम होता है. लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करना भी ऑफिस में सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है.
माइंडफुलनेस पर ध्यान दें : ऑफिस के बीच कुछ मिनट गहरी सांस लें या माइंडफुलनेस एक्सरसाइज करें. इससे तनाव के स्तर में तेजी से कमी आती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक 5 मिनट की डीप ब्रीदिंग या आंखें बंद कर ध्यान केंद्रित करने से दिमाग शांत होता है और काम पर फोकस बढ़ता है. तनाव कम करने का यह भी एक आसान तरीका है.
वर्क और पर्सनल लाइफ के बीच बैलेंस बनाएं : ऑफिस का काम घर तक लाना और हर वक्त मेल या मैसेज चेक करते रहना तनाव को बढ़ा देता है. काम के बाद खुद के लिए समय निकालना, परिवार या दोस्तों से बातचीत करना और अपनी पसंदीदा गतिविधियों में शामिल होना मानसिक सेहत के लिए बेहद जरूरी है. सही संतुलन बनाकर ही ऑफिस स्ट्रेस से लंबे समय तक निपटा जा सकता है. अगर समस्या बहुत ज्यादा हो, तो इस बारे में एक्सपर्ट से मिलकर कंसल्ट करें.

