रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के कोंडागांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि घटना के शिकार परिवार की कार खड़ी ट्रक से जा टकराई। मृतक बीजापुर जिला से कोंडागांव के लंजोड़ा गांव में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। यहां से लौटने के दौरान उनकी कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर यातायात और सिटी कोतवाली कोंडागांव पुलिस की दल पहुंची, और घंटो के मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाल पाई। जानकारी के अनुसार, बीजापुर का एक शिक्षक परिवार कोंडागांव के लांजोड़ा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने 1 दिसंबर को पहुंचा था। शादी समारोह से लौटने के दौरान कोंडागांव से लगभग 23 किमी दूर नेशनल हाईवे 30 पर जोबा और सुकुरपाल के बीच इनकी कार खड़ी ट्रक से टकरा गई। घटना में कार में सवार लगभग 55 वर्षीय पिंटू कावड़े, उनकी पत्नी प्रभा कावड़े, बड़ा बेटा व कार चालक लोकेश कावड़े व छोटा बेटा राहुल कावड़े की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार मृतकों का परिजन प्रदीप को गंभीर हालत में कोंडागांव के जिला अस्पताल आरएनटी में उपचार के लिए दाखिल किया गया है।
