गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में ढाबे पर हुए डबल मर्डर के मामले से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। घटना के बाद से ही पुलिस इस मामले की जांच में लगी हुई है। अब पुलिस को इस मामले में एक सफलता हासिल हुई है। मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस ने बताया कि उन दोनों फरार आरोपियों को पकड़ने के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की थी, जिसकी वजह से उन्हें पकड़ते समय मुठभेड़ हो गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता

इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को जब आरोपियों की मौजूदगी की जानकारी मिली तो पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए रविवार और सोमवार की देर रात पुलिस टीम ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को बाइक पर सवार दो युवक दिखे। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के इशारा करते ही उन्होंने बाइक घुमाई और नहर की तरफ भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो उन युवकों ने पुलिस पर फायरिंग की। इसी के बचाव में पुलिस को उन पर गोली चलानी पड़ी और इसी दौरान दोनों के पैर पर गोली लगने से दोनों गंभीर हो गए। मौके पर ही उन दोनों को गिरफ्त में ले लिया गया और उनका इलाज भी करवाया गया।

कैसे शुरू हुआ था विवाद?

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को रात में गाजियाबाद के एक भोजनालय में खाना परोसने में देरी होने की वजह से विवाद की शुरुआत हुई थी, लेकिन देखते ही देखते यह मामूली सा विवाद खूनखराबे में बदल गया। नशे में होने की वजह से दोनों पक्षों के बीच बात बिगड़ गई। युवकों और ढाबे के कर्मचारियों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके दौरान एक युवक ने गुस्से में आकर भोजनालय के कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तीनों युवक वहां से पीछे की गली में चले गए थे। पुलिस का कहना है कि इसके कुछ देर बाद ही ढाबे का मालिक धर्मेंद्र अपने चार कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचा और लाठियों व रसोई के चाकुओं से युवकों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अब तक की कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए होटल मालिक धर्मेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। बताया गया कि वह पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा था। इस मामले में मारे गए युवकों की पहचान श्रीपाल और सत्यम के रूप में हुई है। दोनों बहराइच जिले के निवासी थे और खोड़ा की नेहरू विहार कॉलोनी में किराए पर रहते थे। अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस केस की पूरी सच्चाई और कहानी सामने आएगी और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों की पहचान

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के नाम राजन और सचिन हैं। वे दोनों बदायूं जिले के रहने वाले हैं। ये दोनों उसी ढाबे पर काम करते थे, जहां यह खूनी वारदात हुई थी। मुठभेड़ के बाद जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से दो देसी तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और एक चोरी की बाइक मिली। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने ही दो युवकों की हत्या की थी, जबकि एक तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version