एजेंसियां — मुंबई, अमरीका और भारत के बीच व्यापार समझौते की घोषणा से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया और प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2,072.67 अंक (2.54 प्रतिशत) चढक़र 12 जनवरी के बाद के उच्चतम स्तर 83,739.13 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढक़र 25,727.55 अंक पर बंद हुआ, जो 13 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। बाजार को ऊपर खींचने का काम रियल्टी और वित्तीय शेयरों ने किया।

डालर के मुकाबले रुपया 129 पैसे मजबूत, 90.20 पर आया

भारतीय रुपया मंगलवार को अमरीकी डालर के मुकाबले 129 पैसे की तीन साल की सबसे बड़ी बढ़त के साथ 90.45 के स्तर पर पहुंच गया। यह तेजी अमरीका और भारत के बीच ट्रेड डील के ऐलान के कारण हुई है। इससे पहले 2025 में रुपया करीब पांच फीसदी तक टूटकर एशिया की सबसे कमजोर करेंसी बन गया था। जनवरी 2026 में ही इसमें दो फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी।

डील में कृषि-डेयरी क्षेत्रों के हितों की रक्षा

नई दिल्ली। अमरीका से ट्रेड डील पर भारत सरकार की तरफ से मंगलवार को पहला बयान देते हुए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि अमरीका के साथ व्यापार समझौते में कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की हितों की रक्षा की गई है और समझौते पर जल्द ही दोनों पक्ष साझा बयान जारी करेंगे। यह एक ऐसी डील है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा एग्रीकल्चर और डेयरी दोनों सेक्टर को सपोर्ट किया है, उनके हितों की रक्षा की। जो लोग अलग-अलग सेक्टर में इन्वेस्ट करना चाहते हैं, खासकर ऐसे सेक्टर जिनमें ज्यादा मेहनत लगती है और जो लाखों लोगों को रोजगार देते हैं। इससे भारत का निर्यात बढ़ेगा।

इससे हमारे इंजीनियरिंग सेक्टर्स के पाट्र्स बनाने वाले, टेक्सटाइल, मरीन गुड, ज्वेलर सेक्टर समेत सभी मैन्यूफेक्चरिंग सेक्टर को बहुत सारे मौके मिलेंगे। राहुल गांधी समेत विपक्ष के तमाम नेता इस डील का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि उनकी सोच नकारात्मक है। इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। गोयल ने कहा कि सभी इस डील से उत्साहित हैं। इसके लिए अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद, उन्होंने पीएम मोदी की मित्रता का सम्मान किया। दोनों देश इस डील पर जल्द ही साझा बयान जारी करेंगे।

राहुल गांधी बोले मोदी ने देश बेचा

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमरीकी ट्रेड डील में देश बेच दिया है। आपकी मेहनत को खून-पसीने को बेच दिया है, क्योंकि वे कंप्रोमाइज्ड हैं। अमरीका में अडानी पर केस है, यह असल में मोदी पर केस है। वह मोदी जी के फायनांशियल स्ट्रक्चर को टारगेट कर रहे हैं। एपस्टीन फाइल्स में और भी बहुत कुछ है, जो अमरीका ने अभी तक रिलीज नहीं किया है। उसकी वजह से भी पीएम पर प्रेशर है।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version