श्रीनगर : रेलवे ने पहली बार माल ढुलाई रेलगाड़ी के जरिए बेंगलुरु से कश्मीर तक 23 विदेशी नस्ल के सांड पहुंचाए हैं। रेल माल ढुलाई सेवाओं में यह एक नया मील का पत्थर है। इससे पहले सेब, स्टील, सीमेंट, अनाज और कारों जैसी वस्तुओं को मालगाड़ियों के जरिए पहुंचाया जा चुका है, लेकिन यह पहली बार है जब इतनी लंबी दूरी तक रेलवे ने कश्मीर में पशुधन पहुंचाया है।

बेंगलुरु से जम्मू- कश्मीर तक पहली बार विदेशी नस्ल के 23 सांडों को पहली मालगाड़ी के ज़रिए भेजा गया। रेलवे अधिकारी ने बताया कि ये बहुमूल्य पशु रेलवे मालगाड़ियों के ज़रिए लंबी दूरी तय करके सुरक्षित रूप से कश्मीर पहुंचाए गए।

ब्राह्मणा और बुडगाम में उतारे गए सांड

ट्रेन से छह सांडों को जम्मू के बारी ब्राह्मणा माल गोदाम में उतारा गया, जबकि बाकी 17 को मध्य कश्मीर के बुडगाम माल गोदाम में उतारा गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल कृषि एवं पशुपालन विभाग के प्रजनन विकास कार्यक्रम का हिस्सा है और रेलवे ने इसे सुगम बनाया गया है।

रेलवे की ऐतिहासिक उपलब्धि

अधिकारी ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप, जम्मू रेलवे डिवीजन ने बेंगलुरु (कर्नाटक) से कश्मीर तक विदेशी नस्ल के सांडों की पहली खेप पहुंचाकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जिससे इन पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। यह ऐतिहासिक परिवहन न केवल रसद की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि कश्मीर की दुग्ध अर्थव्यवस्था के लिए भी क्रांतिकारी साबित होगा।

जानवरों के ट्रांसपोर्टेशन से पहले पूरे किए गए मानक

बेंगलुरु से रवाना होने के बाद पार्सल ट्रेन कई राज्यों से गुज़री और उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) के रास्ते बुडगाम पहुंची। रेलवे अधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान पशुओं के कल्याण के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के कड़े मानकों और विशेष कक्षों का पालन किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि सांडों को किसी भी प्रकार की शारीरिक क्षति या तनाव न हो।

कम लागत में जल्दी पहुंचे सांड

जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उचित सिंघल ने कहा कि हाई क्वॉलिटी वाले विदेशी सांडों के आने से स्थानीय मवेशी नस्लों में सुधार होगा और क्षेत्र में दूध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि रेल परिवहन से न केवल सड़क परिवहन की तुलना में लागत कम हुई है, बल्कि प्रतिकूल मौसम में भी सुरक्षित और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हुई है। उन्होंने आगे कहा कि इससे कश्मीर के दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में श्वेत क्रांति का एक नया युग शुरू होगा।

पिछले साल जून में शुरू हुआ था रेल लिंक

पिछले साल जून में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर के लिए ऐतिहासिक रेल सेवा का उद्घाटन किया, जिससे घाटी को देश के रेलवे नेटवर्क से जोड़ने का लगभग एक सदी पुराना सपना पूरा हुआ। इस रेल लिंक ने क्षेत्र को हर मौसम में आवागमन की सुविधा प्रदान की है, जो अन्यथा 271 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुत अधिक निर्भर था, जो अक्सर सर्दियों और बरसात के मौसम में बंद रहता था, जिससे व्यापारियों और किसानों को नुकसान होता था।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
Exit mobile version