हल्द्वानीः उत्तराखंड में हल्द्वानी के गल्ला मंडी परिसर में एक युवक और युवती के शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।        

घटना हल्द्वानी स्थित गल्ला मंडी परिसर की है। जहां सुबह स्थानीय लोगों ने मंडी के अंदर युवक और युवती के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (शहर) मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई हो सकती है। शवों के पास खून के निशान और भारी पत्थर मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मंडी परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतकों की शिनाख्त की गई है। मृतक युवक की पहचान चंपावत निवासी 31 वर्ष शुभम टम्टा के रूप में हुई है। जबकि मृत युवती की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी पोखरिया के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र को पुलिस ने घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। दोहरे हत्याकांड की इस घटना से हल्द्वानी में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version