Mathura News : मथुरा जनपद में बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लठमार होली की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बृहस्पतिवार को कस्बे का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और बाकी रह गयीं आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी फाल्गुन शुक्ल नवमी के दिन (25 फरवरी) बरसाना में लठमार होली का आयोजन किया जाएगा। दशमी के दिन (26 फरवरी) इसी प्रकार की होली नन्दगांव में होगी तथा फाल्गुन शुक्ल एकादशी के अवसर पर वृन्दावन में ठा. बांके बिहारी एवं अन्य मंदिरों में रंगभरनी एकादशी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। 

बरसाना में लठमार होली से पूर्व ‘लड्डू मार’ होली खेलने की भी परंपरा अब पहले से ज्यादा लोकप्रिय हो चुकी है। उसमें बरसाना के मंदिर में नंदगांव से आए पण्डे (होली खेलने का न्यौता देने वाले) को वहां के सेवायत आवभगत में लड्डू खिलाने का कुछ इस प्रकार से प्रयास करते हैं कि वह पल ‘लड्डू’ होली अथवा ‘लड्डू मार’ होली में परिवर्तित हो जाता है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम के साथ बरसाना के मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों और लाड़ली जी मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण किया तथा भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों का बारीकी से अवलोकन किया। 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला क्षेत्र की ओर आने वाली सभी जर्जर सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने और बरसाना की गलियों एवं कुण्डों के आसपास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने ‘लाइटिंग’ और अस्थाई विद्युत कनेक्शनों का कार्य समय से पहले पूरा करने के भी निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल और अस्थाई चिकित्सा शिविरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बरसाना की होली केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने अधिकारियों से सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समय सीमा के भीतर सभी विकास कार्य और सुरक्षा प्रबंध पूरे करने का आह्वान किया। 

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  
Exit mobile version