बेंगलुरु के पास नेलमंगला के हीरापुर इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उनके मानसिक रूप से अस्वस्थ पति के सामने बेरहमी से हत्या कर दी गई. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारा वारदात के बाद पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर ही भीड़ का हिस्सा बनकर खड़ा रहा.

क्या है पूरा मामला?

घटना हीरापुर के कोटे बीडि इलाके की है. 70 वर्षीय शोभा अपने पति रंगनाथ के साथ अकेली रहती थीं. रंगनाथ पिछले 15 वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं. इस बुजुर्ग दंपत्ति की कोई संतान नहीं थी. रोजाना की तरह दोनों सुबह की सैर के बाद घर लौटे थे. हत्या का पता तब चला जब दोपहर में एक डॉक्टर फिजियोथेरेपी के लिए उनके घर पहुंचे. वहां का मंजर खौफनाक था- शोभा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं और उनके बीमार पति को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनकी पत्नी अब इस दुनिया में नहीं रहीं.

कर्ज चुकाने के लिए रची खूनी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य अपराध को शिवकुमार नाम के एक थोक दुकान मालिक ने अंजाम दिया. आरोपी पर 8 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने इस बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाया. आरोपी रात करीब 1:03 बजे घर में दाखिल हुआ. उसने शोभा के पति के सामने ही उनका गला रेत दिया. हत्या के बाद आरोपी ने पहले नकदी तलाशी, लेकिन नाकाम रहने पर उसने शोभा के शरीर से मंगलसूत्र, चूड़ियां और अन्य गहने लूट लिए. पुलिस के अनुसार, लगभग 450 ग्राम सोना चोरी हुआ है, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी गई है.

हत्यारा खुद बन गया ‘तमाशाबीन’

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस जांच के लिए पहुंची.  आरोपी शिवकुमार गिरफ्तारी से बचने के लिए घटनास्थल के पास ही खड़ा होकर तमाशा देख रहा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो. वह एक साधारण दर्शक की तरह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. इसके बाद वह अपने एक्टिवा स्कूटर से चुपचाप घर निकल गया.

भले ही आरोपी ने खुद को भीड़ में छिपाने की कोशिश की, लेकिन इलाके में लगे CCTV कैमरों ने उसकी पोल खोल दी. फुटेज में वह वारदात के बाद बाइक पर भागते हुए दिखाई दिया. पुलिस ने स्कूटर के नंबर को ट्रैक किया, जो सीधे शिवकुमार तक जा पहुंचा. पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है. नेलमंगला टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version