पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल को लेकर चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है। उनकी ये भविष्यवाणी भारतीय फैंस का दिल तोड़ने वाली है। आमिर ने अभिषेक शर्मा को सिर्फ ‘स्लॉगर’ कहने के कुछ दिनों बाद अब पूरी भारतीय टीम पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि डिफेंडिंग चैंपियन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाएगी। आमिर के अनुसार, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया जो पिछले तीन आईसीसी इवेंट्स में हारी नहीं है, वह सुपर-8 के ग्रुप-1 से आगे नहीं बढ़ पाएगी।
‘भारत की कमियों का फायदा उठा सकती हैं ये टीम’
भारत ने बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने आखिरी ग्रुप चरण मैच में नीदरलैंड्स को हराया था। इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के दसवें एडिशन में अब तक एक भी मैच हारे बिना टीम इंडिया ने सुपर-8 में जगह बना ली। हालांकि, इस दौरान टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका है। खासतौर पर बल्लेबाजी में कुछ कमियां उजागर हुई हैं। अभिषेक शर्मा ने अभी तक टूर्नामेंट में अपना खाता नहीं खोला है तो तिलक वर्मा भी संघर्ष करते नजर आए हैं। इस टूर्नामेंट में भारत की बैटिंग को देखते हुए आमिर ने कहा कि साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी टीमें भारत की कमियों का पूरा फायदा उठा सकती हैं।
बोले- साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज पहुंचेंगे सेमीफाइनल में
भारत के सुपर 8 ग्रुप में साउथ अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे हैं। ‘हारना मना है’ शो के दौरान एंकर ने मोहम्मद आमिर से सुपर-8 के ग्रुप-1 से उनके सेमीफाइनल प्रेडिक्शन के बारे में पूछा और इस पर उन्होंने जवाब दिया कि साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज। इस पर एंकर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि भारत अंतिम चार में पहुंच पाएगा तो आमिर ने जोर से सिर हिलाया।
आमिर ने बताई वजह
भारत क्यों सेमी-फाइनल में नहीं पहुंच पाएगा? इस पर आमिर ने कहा कि अगर आप उनके मैच देखें तो पाकिस्तान के मैच को छोड़कर सभी मैचों में उनकी बल्लेबाजी खराब रही है। टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैचों में प्रेशर बढ़ेगा। वहीं, जिस तरह से साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज खेल रहे हैं, वे किसी भी टीम को हरा सकते हैं।

