मुजफ्फरपुर: ये इश्क भी क्या चीज है,न उम्र देखता है न वक्त.. ये तो बस हो जाता है… बिहार के मुजफ्फरपुर में इन दो प्रेमी जोड़ों की कहानी कुछ ऐसी ही है. प्रेमी 60 साल का तो प्रेमिका 28 साल की… तभी तो किसी ने कहा है-कौन कहता है प्रेम दोबारा नहीं हो सकता? औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर में 60 साल की उम्र में दोबारा प्रेम हुआ और उन्होंने 28 वर्षीय शाइस्ता परवीन से विवा कर लिया. विवाह के लिए सीमा भी पार की और पहुंच गए नेपाल. शादी के बाद शाइस्ता मां बन गई है और उसने एक पुत्री को जन्म दिया है. इससे इतर लड़की के घरवालों ने बेटी के अपहरण का केस दर्ज कराया है. शाइस्ता के भाई फैसल इमाम अशरफ ने औराई थाने में केस दर्ज कराया था. पुलिस ने चुस्ती दिखाते हुए शाइस्ता परवीन को सीतामढ़ी से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया है लेकिन सवाल यह उठता है कि एक दिन पहले अपहरण की प्राथमिकी और दूसरे दिन शिक्षिका का मां बनना महज एक इत्तेफाक नहीं हो सकता?
क्या है पूरा मामला?
दरअसल पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र का है, जहां 18 फरवरी को औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर निवासी फैसल इमाम अशरफ ने औराई थाना क्षेत्र के औराई निवासी राकेश कुमार शाह और उनके कई अन्य सहयोगियों पर अपने 28 वर्षीय शिक्षिका बहन की अपहरण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि उसकी बहन शाइस्ता परवीन औराई थाना क्षेत्र के औराई निवासी 60 वर्षीय राकेश कुमार शाह के साथ कहीं चली गई. मकसूदपुर स्थित इंग्लिश मॉडर्न स्कूल में रोज की तरह घर से निकल पढ़ाने के लिए गई लेकिन फिर वह वापस नहीं आई. काफी खोजबिन के बाद भी जब उसके बहन का कुछ पता नहीं चला तो फिर स्कूल प्रबंधक राकेश कुमार शाह और उनके कई अन्य सहयोगियों पर शिक्षिका के भाई ने औराई थाने में जाकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई.
सोशल मीडिया पर किया था प्यार का इजहार
भाई की ओर से स्कूल प्रबंधक पर लगाए गए अपहरण के आरोप के बाद शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए खुले तौर पर अपने प्यार का इजहार किया था, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन की ओर से बताया गया था कि वह 2025 में ही अपने स्कूल संचालक से प्रेम विवाह कर चुकी है जिसके बाद लोगों के बीच कई तरह के चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था.
अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के दूसरे दिन शिक्षिका बनी मां
इस पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ तब आया जब 18 फरवरी को भाई की ओर से अपनी बहन के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई और 19 फरवरी को 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने पुत्री को जन्म दे दिया.अब शिक्षिका शाइस्ता परवीन के मां बनने का फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि शिक्षिका शाइस्ता परवीन के भाई की ओर से अपने बहन के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद हरकत में आई औराई थाने की पुलिस ने शाइस्ता परवीन को सीतामढ़ी के एक हॉस्पिटल से बरामद कर लिया है और अब शाइस्ता का पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है.
अब पहले अपहरण की प्राथमिकी और दूसरे दिन बहन की मां बनना महज एक इत्तेफाक नहीं हो सकता. तो क्या भाई पूरे घटनाक्रम से वाकिफ था और उसे पता था कि उसकी बहन मां बनने वाली है इसीलिए प्राथमिकी दर्ज कर अपने बहन को सेफ करना चाहता था या फिर बिरादरी में अपने आप को कुछ और दिखाने की कोशिश कर रहा है. शिक्षिका का भाई यह सबसे बड़ा सवाल है, हालांकि अभी तक स्कूल संचालक पुलिस गिरफ्त से बाहर है.

