वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी काशी में प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। मंगलवार को एक मैक्सिकन जोड़े ने अस्सी घाट के सामने नाव पर वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न किया। मंत्रों की गूंज के बीच भारतीय परिधान में सजे विदेशी जोड़े सात जन्मों के बंधन में बंध गए। मैक्सिको निवासी रूइज क्रबोल और गोंजलो मिगुल भारतीय कला, सनातन संस्कृति तथा वैदिक रीति-रिवाजों से काफी प्रभावित थे। दोनों ने अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत काशी से करने का निर्णय लिया।
मां गंगा के प्रति उनकी गहरी आस्था ने उन्हें काशी लाया। इसी कारण उन्होंने मंडप के लिए गंगा में नाव को चुना। विवाह संस्कार संपन्न कराने वाले आचार्य दीपक पांडेय ने बताया कि दूल्हा गोंजलो मिगुल और दुल्हन रूइज ने कुछ लोगों के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हवन-पूजन, जयमाला आदान-प्रदान तथा सिंदूर दान कर विवाह को पूर्ण किया गया।

