रायपुर। जिला दुर्ग को कुष्ठ मुक्त करने विशेष जांच खोज अभियान आगाज 2020-21 की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी एवं बलदाऊ भाले उपाध्यक्ष नगर पंचायत पाटन के द्वारा की गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गंभीर सिंह ठाकुर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बीईटीओ बीएल वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आरंभ महात्मा गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन कर आगाज 2020-21 की शुरुआत की गई। कुष्ट मुक्त अभियान में देवेंद्र चंद्रवंशी द्वारा उपस्थित समुदाय को शपथ दिलवाई गई। जिला कलेक्टर डॉ.सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे का संदेश भी वाचन किया गया। डॉ जीएस ठाकुर ने बताया कि इस अभियान के तहत मेरा ग्राम कुष्ठ मुक्त ग्राम की परिकल्पना को आधार बनाकर कार्ययोजना बनाई गई है। इस अभियान में सम्मानीय जनप्रतिनिधिगण, पंचायत प्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य विभाग, मितानिन, महिला बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग एवं अन्य विभागों के सहयोग एवं समन्वय से कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। अभियान डॉ. अनिल शुक्ला जिला कुष्ठ अधिकारी, बीएमओ डॉ. आशीष शर्मा एवं अन्य विकासखंड के बीएमओ के पर्यवेक्षण में संचालित होगा। आज प्रथम दिवस 9 ग्राम पंचायतों में उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
