आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 72 रन से करारी शिकस्त दी है। हालांकि इस जीत से साउथ अफ्रिका को भी फायदा हुआ है और प्रोटियाज टीम के सेमीफाइनल की टिकट कन्फर्म हो गई है। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या की शानदार पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए। 257 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर खेलने के बाद 6 विकेट गंवाकर सिर्फ 184 रन ही बना सकी।

टीम में हुए दो बदलाव

इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए। संजू सैमसन और अक्षर पटेल की वापसी हुई, जबकि रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर को बाहर रखा गया। भारतीय टीम की शुरुआत पहले के मुकाबलों की तुलना में ठीक-ठाक रही। इस मैच में भारत ने इस टूर्नामेंट की अपनी अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी दर्ज की। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों ने 48 रनों की साझेदारी की। संजू सैमसन 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए भारतीय टीम को 100 के पार पहुंचा दिया। 120 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा, जब ईशान किशन 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया, हालांकि वह 30 गेंदों में 55 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

आखिरी 5 ओवर में पंड्या-तिलक ने मचाई तबाही

इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 13 गेंदों में 33 रन ठोके, जबकि हार्दिक पांड्या ने महज 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा ने भी विस्फोटक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 275 के स्ट्राइक रेट से 44 रन बनाए। इन शानदार पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा की इस जोड़ी ने आखिरी पांच ओवरों में 84 रन जोड़ दिए, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए।

257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत ठीक-ठाक रही। पावरप्ले तक जिम्बाब्वे ने कोई विकेट नहीं गंवाया, लेकिन सातवें ओवर में अक्षर पटेल ने आते ही बड़ा झटका दिया और तडिवानशे मरुमनी को पवेलियन भेज दिया। मरुमनी ने 20 गेंदों में 20 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। डियोन मायर्स कुछ खास नहीं कर सके और 6 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार हो गए। ब्रायन बेनेट ने एक छोर संभाले रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया। कप्तान सिंकदर रजा ने 21 गेंदों में 31 रन की पारी खेली।

ब्रायन बेनेट एक छोर पर डटे रहे लेकिन दूसरे छोर से न कोई बल्लेबाज तेज तर्रार पारी खेल पाया और न ही उनका कोई साथ दे पाया। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 184 रन बनाए और इस हार के साथ वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। हालांकि ग्रुप 1 में उसे अपना आखिरी मैच साउथ अफ्रीका के साथ खेलना है।

साउथ अफ्रीका को मिला सेमीफाइनल का टिकट

भारतीय टीम की इस जीत से जिम्बाब्वे टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। अब भारत और वेस्टइंडीज 2-2 मैचों के बाद 2-2 अंक हैं और दोनों टीमें आपस में भिडेंगी। जो भी टीम जीतेगी उसके 4 अंक होंगे और वो अंतिम 4 में पहुंच जाएगी। हारने वाली टीम के 2 ही अंक रह जाएंगे और वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। साउथ अफ्रिका के पहले ही 4 अंक हैं। इसलिए उसे अंतिम 4 का टिकट मिल गया।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version