छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दीवानजीकापुरा के पास बीती रात एक तेज रफ्तार जीप अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी। इस हादसे में जीप में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। जीप सवार सभी लोग उत्तरप्रदेश के महोबा जिले के रहने वाले बताये जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू कर जीप को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी के महोबा जिले के रहने वाले कुछ लोग मंगलवार को छतरपुर में एक बारात में शामिल होने आए थे। यहां से लौटते समय दीवानजीकापुरा के समीप तेज रफ्तार होने के कारण जीप अनियंत्रित हो गई और सडड़ किराने बने एक कुएं में जा गिरी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से जीप में सवार लोगों को कुएं से निकाला। बताया जा रहा है कि जीप में नौ लोग सवार थे, जिनमें से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
