अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग से करोड़ों चेहरों पर मुस्कान लाने वाले राजपाल यादव के लिए पिछला कुछ समय काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस केस में 13 दिन जेल में बिताने के बाद, राजपाल अब अंतरिम बेल पर बाहर आ चुके हैं। जेल की सलाखों से बाहर आने के बाद उन्होंने पहली बार मीडिया के सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। 28 फरवरी को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने न केवल अपनी कानूनी लड़ाई पर बात की, बल्कि फेमस डायरेक्टर प्रियदर्शन के उस कमेंट पर भी तीखा हमला बोला है जिसमें उन्हें ‘कम पढ़ा-लिखा’ कहा गया था।
राजपाल यादव ने बोला प्रियदर्शन पर हमला
राजपाल यादव जब जेल में थे ऐसे में एक इंटरव्यू के दौरान फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने कहा था कि राजपाल यादव एक बहुत अच्छे इंसान हैं, लेकिन अपनी ‘खराब पढ़ाई’ और नासमझी की वजह से वह इस कानूनी मुसीबत में फंसे हुए हैं। इस टिप्पणी पर राजपाल यादव ने अब बाहर आकर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह गलत है। प्रिय जी मुझे व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानते। मैं एक बहुत पढ़ा-लिखा इंसान हूं। मैं 11 साल की उम्र से काम कर रहा हूं और आज 55 का हो गया हूं।”
राजपाल यादव ने कहा- मेरी असली कहानी किसी को नहीं पता
राजपाल ने आगे तर्क देते हुए कहा कि दुनिया के बड़े से बड़े दिग्गज भी कभी न कभी मुश्किलों में घिर जाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह अनपढ़ हैं। उन्होंने बेबाकी से कहा, “अगर मैं कम पढ़ा-लिखा होता, तो इस इंडस्ट्री में 25-30 सालों तक टिक नहीं पाता। किसी को भी मेरी असल कहानी नहीं पता, इसलिए उनकी राय मेरे लिए कोई मायने नहीं रखती।”

