गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बीजेपी ने चुनाव के लिए असम गण परिषद, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) और राभा हसोंग जूथा संग्राम कमेटी के साथ अपनी बातचीत पूरी कर ली है। बंटवारे की औपचारिक घोषणा तीन-चार दिनों में होगी क्योंकि हमें बीजेपी के सेंट्रल पार्लियामेंट्री बोर्ड से मंज़ूरी लेनी होगी। इस बार बीजेपी ने बोडोलैंड से नए सहयोगी BPF को चुना है। इससे नाराज पिछले चुनाव के साथी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) ने बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के इलाके में आने वाली 15 विधानसभा सीटों के अलावा आसपास की 6 अन्य सीटों से एनडीए को चुनौती देने का ऐलान किया है।
बोडोलैंड जीतने वाली की बनती है सरकार
पिछले दो दशक में असम का चुनावी इतिहास रहा है। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (BTC) में जो पार्टी या गठबंधन चुनाव जीतता है, दिसपुर में उसकी सरकार बनती है। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) कांग्रेस के साथ मिलकर 2005 से 2015 तक बोडोलैंड में चुनाव जीतता रहा। तब असम में कांग्रेस की सरकार बनती रही। 2016 में BPF ने बीजेपी के साथ गठबंधन किया और पहली बार असम में एनडीए सरकार बनी। 2021 में बीजेपी ने यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) से गठबंधन किया था। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले बोडोलैंड काउंसिल के चुनाव में बीजेपी और यूपीपीएल गठबंधन हार गया। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 40 में से 28 सीटों पर जीत हासिल कर बीजेपी को बैकफुट पर भेज दिया।
UPPL एनडीए से आउट, 21 सीटों पर होगी टक्कर
फिर बीजेपी ने तुरंत रणनीति बदलते हुए बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से दोस्ती कर ली। असम सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने BPF नेता चरण बोरो को अपनी कैबिनेट में शामिल किया, जबकि पहले से ही UPPL नेता उरखाओ ग्वारा ब्रह्मा मंत्री थे । UPPL ने 21 सीटों पर बीजेपी-BPF को टक्कर देने की घोषणा कर दी। UPPL चीफ प्रमोद बोरो ने पिछले रविवार को कोकराझार की रैली में बोडो पीपुल्स फ्रंट को करप्ट और विभाजनकारी बताते हुए आलोचना की। बता दें कि असम के पांच जिले कोकराझार, चिरांग, बक्सा, तामुलपुर और उदलगुरी बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के अंतर्गत आते हैं और इनमें कुल विधानसभा सीटों की संख्या 15 है। राज्य विधानसभा में 126 सदस्य हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी कोकराझार में पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम तय कर रखा है। पीएम मोदी BTC हेडक्वॉर्टर भी जा सकते हैं।

