Bihar Crime News : बिहार के भागलपुर से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक और उसके दोस्तों पर लड़की के परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
प्रेमिका से मिलने दोस्तों संग गया युवक
मिली जानकारी के मुताबिक,नवगछिया थाना क्षेत्र का तेतरी जीरोमाइल इलाका का है। खगड़िया जिले के पसराहा निवासी अजेश कुमार का बोरया गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। होली के मौके पर अजेश अपने दो दोस्तों, गुलशन और नीरज के साथ अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। अजेश जब कमरे में युवती के साथ था, तभी परिजनों ने उसे देख लिया।
आरोप है कि युवती के परिजनों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। गुस्साए परिजन उन्हें जबरन पास के एक बागान में ले गए। वहां विवाद इतना बढ़ा कि परिजनों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गुलशन और नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। अजेश गोली लगने के बावजूद अजेश वहां से भागने में सफल रहा और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
हत्या कर सड़क किनारे फेंके शव
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से दोनों शवों को सड़क किनारे फेंक दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखे, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस सक्रिय हुई और एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।

