रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के संचालक मंडल की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए। कार्पोरेशन के चेयरमेन अरूण वोरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में एक लाख 29 हजार मीट्रिक टन क्षमता के कुल 13 गोडाउन बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इनके निर्माण पर कुल 76 करोड़ 30 लाख रुपए खर्च होंगे। ये सभी गोडाउन रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर जिले में बनाए जाएंगे। इसके अलावा बैठक में पूरे प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से लैस 1500 राशन दुकान सह गोडाउन निर्माण योजना का प्रेजेंटेशन भी दिया गया। करीब 7 सौ करोड़ की लागत से बनने वाले राशन दुकान सह गोडाउन निर्माण के प्रस्ताव पर संचालक मंडल ने डिजाइन में कुछ बदलाव करने कहा है। आवश्यक संशोधन के बाद इस योजना का प्रस्ताव ऋण प्राप्ति के लिए शासन को भेजा जाएगा। इसी तरह राशन दुकान सह गोदाम के निर्माण और विस्तारीकरण के प्रस्ताव भी शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। संचालक मंडल की बैठक में कई प्रमुख गोदामों में 60 मीट्रिक टन क्षमता के इलेक्ट्रॉनिक वे-ब्रिज स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। वोरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सेक्रेटरी डॉ. कमलप्रीत सिंह, वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा, छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन के एमडी निरंजन दास मौजूद रहे।
