जम्मू डेस्क: विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। जम्मू के 2 युवकों को टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर कोलकाता ले जाया गया, जहां उन्हें करीब 12 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और परिवार से मोटी रकम वसूलने के लिए दबाव बनाया गया। पीड़ित युवकों की पहचान मोहिंद्र सिंह निवासी नानक नगर सेक्टर-10 जम्मू और कुंजवानी निवासी तुषार चिब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों को एजेंट ने कोलकाता बुलाया और कुछ लोगों के हवाले कर दिया। शुरुआत में उन्हें होटल में ठहराया गया, लेकिन बाद में उनसे पैसे की मांग शुरू कर दी गई। आरोपियों ने युवकों को प्रताड़ित करते हुए उनके परिवार से करीब 30 लाख रुपये मांगने के लिए मजबूर किया। परिजनों ने 10 मार्च को जम्मू के गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण, धोखाधड़ी और जबरन वसूली से संबंधित मामला दर्ज किया।
जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई, जो कोलकाता पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित मुक्त कराया।
इस ऑपरेशन के दौरान 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान मोहम्मद समीर अंसारी, प्रवीण कुमार, प्रशांत राय, वंशु मुंजाल और सुशील राम के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू ला रही है। मामले में शामिल स्थानीय एजेंट की भूमिका की भी जांच जारी है और उसकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू पहुंचने के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी सामने लाई जाएगी।

