रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषि विभाग द्वारा संचालित गोधन न्याय योजना के लिए चिप्स द्वारा विकसित वेबसाइट और मोबाइल एप को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिला है। देश की ख्याति प्राप्त आई.टी. संस्था एलेट्स टेक्नोमिडिया ने डिजिटल गवर्नेंस श्रेणी में गोधन न्याय योजना को वर्चुअल समारोह में अवार्ड आफ एक्सीलेंस प्रदान किया है। वर्चुअल समारोह में छत्तीसगढ़ की कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव कृषि विभाग डॉ. एम. गीता सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने हरेली पर्व पर गोबर खरीदी की गोधन न्याय योजना की शुरूआत की है। इस योजना में दो रूपए प्रति किलो की दर पर गौठानों में गोबर खरीदी की जा रही है। खरीदे गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट सहित दीये, गमले, अगरबत्ती जैसे उत्पाद महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे हैं। इस योजना से जहां पशुपालकों को पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने में सहयोग मिल रहा है, वहीं बड़ी संख्या में महिला समूहों को रोजगार और वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग से प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा मिल रहा है। चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समीर विश्नोई ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चिप्स की ओर से गोधन न्याय योजना की वेबसाईट एवं मोबाइल एप निर्माण करने वाले प्रभारी अधिकारी नीलेश सोनी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
