चीन के वुहान शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां ड्राइवरलेस टैक्सियों यानी Robotaxi में बैठे यात्रियों को घंटों तक अंदर फंसा रहना पड़ा. यह समस्या तब शुरू हुई जब Baidu की रोबोटैक्सी सर्विस में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई और कई गाड़ियां चलते-चलते हाईवे और सड़कों के बीच में रुक गईं. इस वजह से सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया और कुछ छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हुईं.

रिपोर्ट के अनुसार, Baidu की Apollo Go Robotaxi सर्विस की कई गाड़ियां अचानक काम करना बंद कर गईं. ये गाड़ियां बीच सड़क पर रुक गईं, जिससे अन्य ड्राइवरों को अपनी गाड़ी धीमी करनी पड़ी या रास्ता बदलना पड़ा.

इस घटना में कई यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सोशल मीडिया पर एक कॉलेज स्टूडेंट ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ करीब 90 मिनट तक Robotaxi में फंसी रही. गाड़ी बार-बार रुक रही थी और आखिर में एक चौराहे के पास जाकर खड़ी हो गई. गाड़ी के अंदर लगे स्क्रीन पर मैसेज आया कि सीट बेल्ट बांधे रखें और मदद का इंतजार करें, जो कुछ ही मिनटों में आने वाली है.

लेकिन ऐसा नहीं हुआ. यात्रियों को कस्टमर सपोर्ट से जुड़ने में ही लगभग 30 मिनट लग गए और उसके बाद भी उन्हें कोई साफ जवाब नहीं मिला. करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद कई लोग खुद ही गाड़ी से बाहर निकल गए.

हालांकि इस घटना में कोई बड़ी दुर्घटना या गंभीर चोट की खबर नहीं आई, लेकिन यह मामला चिंता बढ़ाने वाला जरूर है. पुलिस के अनुसार, यह एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है, जिसकी जांच अभी जारी है. अच्छी बात यह रही कि गाड़ियों के दरवाजे लॉक नहीं हुए थे, जिससे यात्री सुरक्षित बाहर निकल सके.

यह घटना तब सामने आई है जब Baidu अपनी Robotaxi सर्विस को कई शहरों में तेजी से बढ़ा रहा है. ऐसे में इस तरह की गड़बड़ी ने लोगों के मन में इन ड्राइवरलेस गाड़ियों की सुरक्षा और भरोसे को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  
Exit mobile version