उत्तर प्रदेश – कानपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचा है जो खुद को पत्रकार बताकर मासूम लड़कियों को नौकरी का झांसा देता था और फिर उन्हें देह व्यापार के दलदल में धकेल देता था। आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी और फर्जी आईडी कार्ड बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

इस बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा तब हुआ जब पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक बहादुर युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर पुलिस के पास पहुंची। पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसे अच्छी नौकरी का लालच देकर कोलकाता से कानपुर बुलाया गया था। यहां आने के बाद उसे बंधक बना लिया गया और जबरन गलत काम करने पर मजबूर किया गया। विरोध करने पर आरोपी उसके अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता था।

गिरफ्तार आरोपी रोहित वर्मा बेहद शातिर दिमाग है। जांच में सामने आया कि वह लड़कियों का भरोसा जीतने के लिए खुद को एक बड़े न्यूज चैनल का पत्रकार बताता था और फर्जी आईडी कार्ड दिखाता था। यही नहीं, उसकी कार से पुलिस की वर्दी, बेल्ट और कैप भी मिली है। अंदेशा है कि वह पुलिसकर्मी बनकर भी लोगों को डराता-धमकाता था। सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें यह सामान साफ देखा जा सकता है।

स्पेशल ऑपरेशन टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कल्याणपुर सहित शहर के कई होटलों में छापेमारी की है। पुलिस ने कई होटलों के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। आरोपी के पास से होटलों की एक लंबी लिस्ट मिली है, जहाँ वह लड़कियों को भेजता था। रोहित वर्मा के खिलाफ पहले से ही डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं और वह कई बार जेल की हवा खा चुका है।

पुलिस को शक है कि यह महज एक व्यक्ति का काम नहीं है, बल्कि एक संगठित गिरोह है जिसके तार कोलकाता और अन्य राज्यों से जुड़े हैं। कोलकाता के एक संदिग्ध व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है जो लड़कियों को यहाँ भेजने का काम करता था। कानपुर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने की कोशिश में जुटी है।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version