करनाल : करनाल के संधीर गांव में व्यक्ति द्वारा कोबरा सांप को पकड़कर उससे करतब दिखाना भारी पड़ गया। जब व्यक्ति कोबरा सांप से लोगों को करतब दिखाने लगा तो सांप ने उसकी अंगुली पर काट लिया जिससे व्यक्ति की मौत हो गई।
गांव के सरपंच सतीश ने बताया कि उनके गांव में शमशान घाट में काम चला हुआ था, वहां पर काम कर रहे मजदूरों ने उन्हें कहा कि यहां पर काले रंग का एक सांप है, तभी उन्होंने सांप पकड़ने वाले सतीश फफड़ाना को फोन कर दिया था। उसने आधे घंटे तक गांव में पहुँचने की बात कही। पीछे से वहां पर राजेंद्र ने वहां जाकर सांप को पकड़ लिया। सरपंच ने कहा कि वहां पर लगे मजदूरों ने भी राजेंद्र को रोका, लेकिन वह रुका नहीं। उसके बाद उसने कोबरा सांप को उठाकर गले में डाल लिया। इसके बाद कोबरा सांप ने हाथ पर उसे काट लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इतनी देर में सांप पकड़ने वाला सतीश फफड़ाना भी वहां पर पहुंच गए, उन्हें वहां देखा तो दीवार के कुछ दूरी पर सांप दिखाई दिया जिसके बाद सतीश ने सांप को पकड़ लिया।
मृतक के परिजनों ने कहा कि पहले भी कई बार राजेंद्र सांप को पकड़कर घर लेकर आया करता था, फिर उसे जंगलों में छोड़ देता था। आज थोड़े नशे में भी था। सांप को पकड़ कर लेकर आया, उसे गले में डाला हुआ था। सांप के काटने से उसकी मौत हो गई है। फिलहाल इस लापरवाही कहिए या फिर जहरीले सांप कोबरा का कहर। वहीं ग्रामीण ने बताया पहले भी यह कई बार सांपों को पकड़ लिया करता था और उसके साथ खेला करता था। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद स्नेक मैन के नाम से मशहूर सतीश फफड़ाना ने मौके पर जाकर कोबरा सांप को पकड़ लिया है। लेकिन इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई वह काफी दुखदाई है।

