गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी की राजनीतिक लड़ाई में पाकिस्तान की एंट्री काफी पहले हो चुकी है। सीएम हिमंत बिस्व सरमा कांग्रेस के नेता गौरव गोगोई की पत्नी एथिजाबेथ के पाकिस्तानी कनेक्शन पर सवाल उठाते रहे हैं। इसके जवाब में कांग्रेस ने रविवार को हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिंकी भुइंया सरमा के नाम तीन विदेशी पासपोर्ट होने का पलटवार किया। जब सीएम हिमंत इसका जवाब देने आए तो उन्होंने कांग्रेस पर पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से समर्थन लेने का आरोप जड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान चैनल ने असम चुनाव के बारे में कम से कम 11 टॉक शो किए हैं और हर टॉक शो में कांग्रेस की जीत की वकालत की गई। खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पाकिस्तान का लिंक भी अब बहुत साफ हो गया है।
फर्जी डॉक्युमेंट्स के जरिये भ्रम फैलाने की कोशिश: हिमंत
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम हिमंत बिस्व सरमा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही यह दावा किया कि सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास यूएई, एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के पासपोर्ट हैं। सोमवार को हिमंत बिस्व सरमा ने दावा किया कि कांग्रेस ने फर्जी डॉक्युमेंट के जरिये भ्रम फैलाने की कोशिश की है।
पुलिस कानून की सही धारा में केस दर्ज करेगी और जरूरी कार्रवाई करेगी
उन्होंने कहा कि जब आप किसी खास मुद्दे को फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने उठाते हैं, तो उस पर IPC की धारा 420 और 468 लगती है। जब आप किसी चुनाव के नतीजे को प्रभावित करने के लिए फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ आरोप लगाते हैं तो उस पर अधिक सजा का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रिंकी भुइंया सरमान ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्हें यकीन है कि पुलिस कानून की सही धारा में केस दर्ज करेगी और जरूरी कार्रवाई करेगी।
आरोप- कांग्रेस ने बनाई रिंकी भुइंया सरमा के नाम पर कंपनी
असम के सीएम ने कहा कि रिसर्च के दौरान उन्होंने पाया कि पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा मटीरियल एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने दिया था। पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान चैनल ने असम चुनाव के बारे में कम से कम 11 टॉक शो किए हैं, जो पहले कभी नहीं हुआ। हर टॉक शो में, नतीजा यह निकला कि कांग्रेस को जीतना चाहिए। कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पाकिस्तान का लिंक भी अब बहुत साफ हो गया है। मुझे यकीन है कि कानून प्रवर्तन एजेंसी इस पर ध्यान देगी।
आरोपों पर दी सफाई
अपनी पत्नी के नाम पर दर्ज कंपनियों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति 199 अमेरिकी डॉलर का भुगतान कर एक कंपनी रजिस्टर करवा सकता है। कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस रिंकी के नाम पर एक और कंपनी बना ली। कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से हासिल किए गए पासपोर्ट और दस्तावेजों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। गौरव गोगोई की मदद एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने की। पाकिस्तान किस तरह असम के चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है यह बहुत महत्वपूर्ण है।

