कानपुर: उत्तर प्रदेश में कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में बीती 1/2 अप्रैल की रात हुई राजमिस्त्री की हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रेमी की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्यामनगर बाईपास स्थित एक किराये के कमरे में रहने वाले राजमिस्त्री आशीष कुमार शर्मा (52) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमाटर्म में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
पत्नी से पड़ोसी से अवैध संबंध
इस मामले में मृतक के साले की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि घटना वाली रात मृतक की पत्नी आरती शर्मा अपने एक साथी के साथ कमरे में गई थी और बाद में दोनों साथ निकलते दिखाई दिए। छानबीन में सामने आया कि आरती शर्मा का पड़ोस में रहने वाले सबलू खान उर्फ शफात के साथ प्रेम संबंध था, जिसका मृतक विरोध करता था। इसी बात को लेकर दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था।
पति के साथ मिलकर रची साजिश
पुलिस के अनुसार, इसी कारण पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी आरती शर्मा (35) को नौबस्ता क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं सह-अभियुक्त सबलू खान फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस कारर्वाई में चकेरी थाना प्रभारी समेत सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।

