भिण्डः मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में ड्यूटी के दौरान डंपर की टक्कर से घायल हुए आरक्षक अश्विनी राणा की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फूप थाना में पदस्थ आरक्षक अश्विनी राणा बीते रविवार रात चंबल पुल के पास बरही गांव के समीप लगे जाम को खुलवाने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे।
अतिरिक्त बल की आवश्यकता होने पर उन्हें भी मौके पर बुलाया गया था। जाम खुलवाने के बाद जब वे अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी निबुआ चौकी के पास एक अज्ञात डंपर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर के बिरला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उन्होंने कल रात दम तोड़ दिया।
बताया गया है कि अश्विनी राणा मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी थे और वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। उनकी पहली पदस्थापना भिण्ड में ही हुई थी। वे अविवाहित थे और परिवार में दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके निधन से परिवार और पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है।

