दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. जहां बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष के एक कथित बयान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. इस मुद्दे को लेकर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सीधे पुलिस कमिश्नर तक पहुंच गया और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मंगलवार को बीजेपी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा से मिला और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान न केवल मर्यादाओं के खिलाफ है. बल्कि इससे समाज में तनाव भी बढ़ सकता है.
‘जहरीले सांप’ वाले बयान पर भड़की बीजेपी
बीजेपी के अनुसार, असम में चुनाव प्रचार के दौरान खड़गे ने पार्टी की तुलना जहरीले सांप से की थी. पार्टी ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा राजनीतिक संवाद को दूषित करती है और जनता के बीच गलत संदेश भेजती है. बीजेपी का यह भी आरोप है कि इस बयान से समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की गई है.
‘विशेष वर्ग की भावनाएं भड़काने का किया प्रयास’
बीजेपी नेताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है. उनका आरोप है कि इस बयान के जरिए एक विशेष वर्ग की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया गया, जो सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बन सकता है. प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, अधिवक्ता संकेत गुप्ता और मीडिया विभाग के प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल रहे.

