शाहतलाई (हिमल): उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है। यहां पंजाब के अमृतसर जिले से आए एक श्रद्धालु की पुत्र प्राप्ति की मन्नत पूरी हुई है, जिसके बाद पूरा परिवार बाबा जी का आभार जताने नवजात शिशु के साथ मंदिर पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के अमृतसर जिले के गांव चाचू वाली के रहने वाले सुखदेव सिंह की पहले तीन बेटियां हैं। बेटे की चाह में सुखदेव ने बीते साल शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन किए थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर के पुजारी सरवण कुमार शर्मा के माध्यम से पुत्र प्राप्ति के लिए विशेष अरदास करवाई थी। परिवार का कहना है कि बाबा जी की कृपा से करीब एक महीने पहले उनके घर बेटे का जन्म हुआ, जिससे पूरे परिवार में खुशी की लहर है।
मन्नत पूरी होने पर सुखदेव सिंह अपने पूरे परिवार और एक माह के नवजात शिशु को लेकर शाहतलाई मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा जी के दरबार में शीश नवाया और कोटि-कोटि धन्यवाद किया। परिवार ने इसे बाबा जी का चमत्कार बताते हुए अपनी गहरी आस्था प्रकट की।
सच्चे मन से की गई प्रार्थना होती है स्वीकार : पुजारी
इस संबंध में मंदिर के पुजारी सरवण कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने ही इस श्रद्धालु परिवार की अरदास करवाई थी, जो अब बाबा जी की कृपा से पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बाबा बालक नाथ सच्चे मन से की गई हर प्रार्थना को सुनते हैं और अपने भक्तों की झोलियां खुशियों से भर देते हैं। गौरतलब है कि मंदिर में मन्नत पूरी होने के ऐसे वाकये श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करते हैं, जिससे दूर-दराज से लोग यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर खींचे चले आते हैं।

