रांची: झारखंड के तीन डैमों पर पांच फ्लोटिंग रेस्टोरेंट खुलेंगे। झारखंड के पर्यटन विभाग हाई कोर्ट के फैसले के बाद इसकी तैयारी में जुट गया है। दरअसल फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को लेकर शिरोमणिइंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर रखी थी। सोमवार को हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत ने याचिका पर सुनवाई की। याचिका में रेस्टोरेंट बनाने के लिए आवंटित टेंडर को चुनौती दी गई थी। अदालत ने सुनवाई के दौरान याचिका को खारिज कर दिया। इसके साथ ही फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनने का रास्ता साफ हो गया। बता दें, झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से पिछले साल नवंबर 2025 को पांच फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया था। आइए जानते हैं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के बारे में…
झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग की योजना के मुताबिक, राज्य के तीन डैमों पतरातू डैम, धुर्वा डैम और गेतलसूद डैम पर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनने हैं। इनमें पतरातू और धुर्वा डैम पर दो-दो फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाए जाने हैं। जबकि गेतलसूद डैम पर एक प्लोटिंग रेस्टोरेंट बनेगा। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाने के काम का टेंडर वाराणसी की दास एंड कुमार कंपनी को दिया गया है।
झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का निर्माण कराया जाएगा। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट नावों, बजरा या तैरते प्लेटफार्म पर बना होता है, जो पानी की सतह के ऊपर तैरते रहते हैं। इन रेस्टोरेंट में खाने-पीने की व्यवस्था होती है। रेस्टोरेंट में लजीज व्यंजन का स्वाद ले सकेंगे। साथ ही डैमों के सुंदर नजारे का लुत्फ उठा सकते हैं।
रामगढ़ के पतरातू, रांची के धुर्वा और गेतलसूद डैम में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का निर्णय कराया जाएगा। इन फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में किचन, डायनिंग रूम, शौचालय आदि की व्यवस्था होगी। अगले साल से ये रेस्टोरेंट शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। पर्यटक पानी में तैरते हुए रेस्टोरेंट में लजीज व्यंजन का स्वाद ले सकेंगे। साथ ही बर्थडे पार्टी जैसे कुछ छोटे आयोजनों के लिए इन्हें बुक किया जा सकेगा।
झारखंड के पर्यटन विभाग की ओर से फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के चार्ज के बार में अभी कोई डिटेल शेयर नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि प्लोटिंग रेस्टोरेंट का चार्ज 700 से 3000 रुपये हो सकता है। ये चार्ज रेस्टोरेंट में उठाई जाने वाली सुविधाओं के मुताबिक तय हो सकता है। जैसे यूपी के गोरखपुर में बने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में भोजन का चार्ज 300 रुपये तक है।

