जम्मू- जम्मू-कश्मीर में दिनों-दिन गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और लोग परेशान नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिसके चलते लोगों को अप्रैल महीने में ही जून जैसी गर्मी का एहसास हुआ। वहीं श्रीनगर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया।
तापमान में हुई बढ़ोतरी
विभाग के मुताबिक जम्मू का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं श्रीनगर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ। आंकड़ों के अनुसार जम्मू के तापमान में 2 से 3 डिग्री और श्रीनगर के तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है। बताया जा रहा है कि अभी कुछ दिनों तक स्थिति ऐसी ही बनी रह सकती है। इसके साथ ही 2 से 3 डिग्री तक और तापमान में बढ़ोतरी होगी।
ह्ल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 23 अप्रैल तक जम्मू में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन तापमान में 2 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन घबराएं नहीं इसके बाद लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 25 अप्रैल को मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। इस दौरान जम्मू के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है और कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश के साथ-साथ बर्फबारी भी होने की संभावना है।
दोपहर में तेज धूप में न निकलें घरों से बाहर
मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी है। अगर बाहर निकलना जरूरी है तो सिर, और मुंह ढक कर ही निकलें। इसके साथ ही अपने साथ पानी, ओ.आर.एस. (ORS), ग्लूकोज आदि पेय पदार्थ अवश्य रखें ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके।
बच्चों-बुजुर्गों का रखें खास ख्याल
इस तपती गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। दोनों वर्गों को किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाकर दिखाएं ताकि समय रहते इलाज किया जा सके। इसके साथ ही उन्हें तपती गर्मी से बचाने के लिए हल्के सूती कपड़े पहनाएं जिससे उन्हें कम गर्मी लगेगी और परेशानी भी कम होगी। वहीं हर समय बच्चों और बुजुर्गों के पास पानी की बोतल रखें। इसके साथ-साथ ORS या ग्लूकोज भी दें ताकि शरीर में होने वाली पानी की कमी को पूरा किया जा सके।

