उत्तर प्रदेश – मुरादाबाद जिले में एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. जिम जाने को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात के बाद आरोपी करीब सात घंटे तक अपनी पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा और फिर पूरे मामले को हादसा दिखाने की कोशिश करता रहा.

मामला मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र स्थित डबल फाटक इलाके की है, जहां स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता ने अपनी पत्नी पूनम गुप्ता (35) की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि शोभित अपनी पत्नी के जिम जाने का विरोध करता था, जबकि पूनम अपनी सेहत को लेकर सजग थी. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था.

वारदात के बाद भागा नहीं आरोपी

जब पूनम बुधवार सुबह करीब 10 बजे जिम से वापस लौटी तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शोभित ने दुकान का शटर खोलने वाला लोहे का हैंडल उठाकर पूनम के सिर पर मार दिया. उसे इतना जोर से मारा था कि पूनम की मौके पर ही मौत हो गई.

स्कूल से लौटी बेटी तो…

वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि शव को बेड पर रखकर कई घंटों तक घर में ही बैठा रहा. इसी दौरान जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी और मां के बारे में पूछा तो आरोपी ने उसे बहलाकर दूसरे कमरे में भेज दिया.

पुलिस को बताई मरने की ये वजह

शाम करीब 4 बजे के बाद आरोपी ने खुद ही डायल 112 पर फोन कर बताया कि उसकी पत्नी घर में गिरकर घायल हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महिला को मृत अवस्था में पाया गया. सिर पर गहरी चोट के निशान देखकर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा. पुलिस ने तुरंत शोभित को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी वारदात कबूल कर ली.

मृतका के भाई ने लगाए आरोप

 वहीं, मृतका के भाई गुड्डू ने आरोप लगाया है कि यह सिर्फ जिम जाने का विवाद नहीं था, बल्कि पूनम को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था. भाई का कहना है कि पहले भी उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी. परिवार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

एसपी ने क्या कहा

एसपी सिटी रणवीर सिंह ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पति-पत्नी का विवाद था. पति ने शटर बंद करने की रॉड पत्नी के सिर पर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version