यूपी के शामली जिले में अपनी शादी के दौरान एक दूल्हे को फायरिंग करना महंगा साबित हुआ है. घुड़चढ़ी के दौरान अवैध असलाह से फायर करने वाले दूल्हे के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी दूल्हा फरार है. उसकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपी दूल्हे को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बता दें कि शामली में घुड़चढ़ी के दौरान घोड़ी पर बैठकर एक दूल्हे ने अवैध असलाह से फायरिंग की थी. फायरिंग का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस पर संज्ञान लिया. वीडियो की जांच की तो चला कि वीडियो थाना बाबरी क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर का है. जिसके बाद एसपी शामली सुकृति माधव के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस ने दावा किया कि आरोपी दूल्हे को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
