लुधियाना: खुशियों भरी बारात के माहौल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने बारातियों पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने न केवल बारातियों की आंखों में मिर्च का स्प्रे झोंका, बल्कि एक व्यक्ति पर कृपाण (तलवार) से जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
हमलावरों ने दी जान से मारने की धमकियां
शिकायतकर्ता शंकर सिसोरीया ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि दिनांक 25 अप्रैल को वह अपने भाई महेंद्र सिसोरिया की बारात में शामिल था। बारात की बस में उसके मौसा राजिंदर कुमार और देव डाबी बैठे हुए थे। तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बस में मौजूद बारातियों और शिकायतकर्ता के मौसा पर मिर्च का स्प्रे कर दिया, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान हमलावरों ने राजिंदर कुमार पर कृपाण से हमला कर उनकी जमकर मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किया मामला दर्ज
वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने अपने स्तर पर पड़ताल की, जिसमें हमलावरों की पहचान साहिल डालिया, मनीष डालिया और उनके अज्ञात साथियों के के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

