पश्चिम एशिया में हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं. ड्रोन हमले के बाद UAE के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन (FOIZ)में आग लगने से सोमवार (4 मई) को तीन भारतीय घायल हो गए. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारतीयों पर हुए हमले की निंदा की है.

यूएस-ईरान के बीच तनाव बढ़ा

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है. ईरान ने सीजफायर तोड़ते हुए सोमवार (4 मई) को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया. 8 अप्रैल को युद्धविराम के ऐलान के बाद यह ईरान की पहली बड़ी सैन्य कार्रवाई मानी जा रही है. यूएई अधिकारियों ने हवाई खतरे की पुष्टि करते हुए बताया कि विदेश और रक्षा मंत्रालय की ओर से आपातकालीन अलर्ट जारी किए गए और एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया.

भारत ने युद्ध जैसी इन स्थितियों को तुरंत रोकने की मांग की है. MEA की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मासूम नागरिकों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाना गलत है. भारत का मानना है कि इस समस्या का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है, जिससे कि पश्चिम एशिया में फिर से शांति स्थापित हो सके.

ईरान की ओर से किए गए ड्रोन हमले के बाद सोमवार (4 मई) को फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन में आग लग गई थी, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए. विदेश मंत्रालय ने बयान में तनाव को फौरन खत्म करने की अपील की और नागरिक बुनियादी ढांचे और नागरिकों को निशाना बनाने की कड़ी निंदा की.

भारत ने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के रास्ते होने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बिना किसी रुकावट के जारी रखने की मांग की है. भारत ने जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत समुद्री व्यापार सुरक्षित होना चाहिए. मंत्रालय ने साफ किया कि भारत इस विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के हर प्रयास में साथ देने के लिए तैयार है.

पीएम मोदी ने भी हमले की निंदा की

पीएम मोदी ने भी यूएई में भारतीयों पर हमले की निंदा की. एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा, संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है. भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी तरह एकजुट है और बातचीत और कूटनीति के जरिए सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है. होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है.’

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version