World Dangerous Job: दुनिया की सबसे खतरनाक नौकरी में शामिल लाइटहाउस जॉब सुनने में जितनी आसान लगती है, उतनी है नहीं. यहां काम बस इतना होता है कि समुद्र के बीच बने ऊंचे टावर में लगी रोशनी को लगातार चालू रखना, ताकि जहाजों को रास्ता मिल सके. लेकिन इसके पीछे छिपा होता है खतरों से भरा सच चारों तरफ गहरा समंदर, तेज हवाएं, ऊंची लहरें और कभी भी आ जाने वाले खतरनाक तूफान. कई बार कर्मचारियों को दिनों तक अकेले रहकर ड्यूटी निभानी पड़ती है, जहां मदद पहुंचना भी आसान नहीं होता है.

यही वजह है कि इस नौकरी को दुनिया की सबसे रिस्की जॉब्स में गिना जाता है. छोटी सी गलती भी बड़े हादसे में बदल सकती है, इसलिए हर पल सतर्क रहना पड़ता है. हालांकि इसके बदले मिलने वाली सैलरी और सुविधाएं इसे बेहद आकर्षक बना देती हैं, लेकिन यहां काम करने वालों को अपनी जान जोखिम में डालकर जिम्मेदारी निभानी होती है. रोमांच और खतरे का ये अनोखा मेल ही इस नौकरी को सबसे अलग और खास बनाता है.

कैसे मिलती है यहां नौकरी

अगर आप सरकारी नौकरी के साथ रोमांचक और अलग माहौल में काम करना चाहते हैं, तो लाइटहाउस की नौकरी आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकती है. भारत में ये नौकरियां पोर्ट, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के तहत आने वाले डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ लाइटहाउस एंड लाइटशिप्स (DGLL) द्वारा संचालित की जाती हैं. पहले जहां लाइटहाउस कीपर सिर्फ रोशनी जलाने का काम करते थे, वहीं अब आधुनिक तकनीक के कारण यह जॉब पूरी तरह टेक्निकल और जिम्मेदारियों से भरी हो गई है.

सोशल मीडिया पर भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लाइटहाउस के बारे में काफी जानकारी दी गई है. साथ ही लंबा चौड़ा कैप्शन भी दिया है. इस वीडियो को @nasirbaghade नाम के पेज से इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है.

लाइटहाउस में होते हैं दो पद

लाइटहाउस में प्रमुख पदों में नेविगेशनल असिस्टेंट (ग्रेड-III), टेक्नीशियन (इलेक्ट्रिकल/डीजल/जनरल) और फील्ड असिस्टेंट शामिल होते हैं. नेविगेशनल असिस्टेंट का काम 24 घंटे लाइट, रेडियो बीकन और सिग्नल सिस्टम को चालू रखना होता है, ताकि समुद्र में चलने वाले जहाजों को सही दिशा मिल सके. वहीं टेक्नीशियन जनरेटर, मशीनरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की देखरेख और मरम्मत करते हैं. फील्ड असिस्टेंट इंजीनियरों की मदद करते हैं और नियमित जांच में सहयोग देते हैं.

इस नौकरी में जिम्मेदारियां भी काफी अहम होती हैं. कर्मचारियों को लगातार लाइट सिग्नल की निगरानी करनी होती है, ताकि कोई तकनीकी खराबी न आए. इसके अलावा, फ्रेस्नेल लेंस की सफाई, बल्ब बदलना और बैकअप पावर जैसे डीजल जनरेटर को मेंटेन रखना जरूरी होता है. मौसम से जुड़े आंकड़े जैसे हवा की गति, समुद्र की स्थिति आदि को रिकॉर्ड करना भी इस जॉब का हिस्सा है, जिससे समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित होती है.

क्या होनी चाहिए योग्यता

योग्यता की बात करें तो नेविगेशनल असिस्टेंट जैसे पदों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकम्युनिकेशन या इलेक्ट्रिकल फील्ड में डिप्लोमा होना जरूरी है. उम्मीदवारों की उम्र 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और मेरिट के आधार पर होती है.

सैलरी और सुविधाएं भी इस नौकरी को आकर्षक बनाती हैं. शुरुआती स्तर पर नेविगेशनल असिस्टेंट (ग्रेड-III) को ₹29,200 से ₹92,300 तक वेतन मिलता है. इसके साथ ही सरकारी भत्ते, समुद्र किनारे रहने के लिए क्वार्टर और जॉब सिक्योरिटी जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.

कुल मिलाकर, लाइटहाउस जॉब उन युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर है जो तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं और कुछ अलग अनुभव की तलाश में हैं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version