Road Accident: बिहार में अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र में रविवार को ऑटो रिक्शा और मैजिक वैन के बीच हुई टक्कर में दो मजदूरों की मौत हो गई तथा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर मधुश्रवां मोड़ के समीप ऑटो रिक्शा और मैजिक वैन के बीच टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई तथा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत मटुक चक गांव निवासी मिथिलेश पासवान एवं सेंधवा गांव निवासी राजा बिन्द के रूप में हुई है। सभी मजदूर ऑटो रिक्शा पर सवार होकर रामपुर-चौरम थाना क्षेत्र के आंकोपुर गांव से मेहंदिया स्थित कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने जा रहे थे। इस दौरान मधुश्रवां मोड़ के पास सामने से आ रही मैजिक वैन से ऑटो रिक्शा की टक्कर हो गई।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मेहंदिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल अरवल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल रवीश बिन्द, पप्पू मांझी एवं साधु बिन्द को बेहतर इलाज के लिए पटना चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया है शवों को पोस्टमाटर्म अस्पताल भेज दिया गया है।

