नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP – पुलिस बल प्रमुख) पदस्थ कर दिया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली द्वारा पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए गठित पैनल की अनुशंसा के आधार पर राज्य शासन ने यह निर्णय लिया है। बता दें कि वर्ष 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम अब तक प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
5 फरवरी 2025 से प्रभावी माना जाएगा आदेश
शासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अरुण देव गौतम की यह पदस्थापना उनके प्रभार ग्रहण करने की तिथि यानी 05.02.2025 से मान्य होगी। उन्हें अपेक्स स्केल रुपये 02,25,000/- (वेतन मैट्रिक्स स्तर-17) प्रदान करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है।

