दिल्ली में नकली टायर ट्यूब बेचकर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकली MRF और CEAT ब्रांड के ट्यूब, फर्जी पैकिंग सामग्री और स्टैंपिंग मशीन बरामद की गई है.

साधारण रबर ट्यूब पर हाथ से लगाते थे नकली मोहर

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह दिल्ली के एस.पी. मुखर्जी मार्ग स्थित नोवेल्टी और फ्रेंड्स टायर मार्केट में लंबे समय से नकली ऑटोमोबाइल ट्यूब बनाकर बेच रहा था. आरोपी साधारण रबर ट्यूब पर हाथ से नकली MRF की मोहर लगाते थे और उन्हें फर्जी कंपनी के पैकेट में पैक कर असली सामान बताकर बाजार में बेचते थे. इससे ग्राहकों को ठगा जा रहा था और सड़क सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा पैदा हो रहा था.

दिल्ली पुलिस गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नामी कंपनियों के नाम पर नकली ट्यूब तैयार कर बेचे जा रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने 16 और 17 मई की रात कई दुकानों और गोदामों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान करीब 1450 नकली MRF ट्यूब, 1072 नकली पैकिंग पाउच, 100 साधारण रबर ट्यूब और एक स्टैंपिंग मशीन बरामद की गई.

पुलिस पूरे नेटवर्क के सप्लायर और गोदामों की तलाश में जुटी

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गगन कालरा अपने साथी मोहम्मद जाकिर के साथ मिलकर नकली ट्यूब तैयार करता था. फिर इन्हें आसपास के दुकानदारों को सप्लाई किया जाता था, जो इन्हें असली ब्रांड का बताकर ग्राहकों को बेचते थे. अधिकतर लेन-देन नकद में होता था.

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद जाकिर, दीपक गुप्ता, मनमीत सिंह, दिनेश गुप्ता, विनायक गुप्ता और गगनदीप सिंह शामिल हैं. पुलिस ने सभी को अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सप्लायर, गोदाम और कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है. 

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version