राजौरी, : जिला राजौरी में मंगलवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर पुराने जंग लगे विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजैंसियां सतर्क हो गईं। कोटरंका क्षेत्र में एक पुराना मोर्टार शैल बरामद हुआ, जबकि दरहाल के थन्नामंग इलाके में खेत की जुताई के दौरान एक जंग लगा ग्रेनेड मिला। वहीं सुचेतगढ़ सैक्टर के सीमांत गांव नई बस्ती क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक जंग लगा मोर्टार शैल मिलने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। तीनों स्थानों पर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षाबलों ने पहुंचकर विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर बड़ा हादसा टाल दिया।
जानकारी के अनुसार पहली घटना कोटरंका क्षेत्र में सामने आई, जहां जंगलात विभाग के गार्ड रूम के पास एक नाले के किनारे संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर स्पैशल ऑप्रेशन ग्रुप को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एस.ओ.जी. टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की, जिसमें वहां एक पुराना जंग लगा मोर्टार शेल बरामद हुआ। इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा टीमें भी मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र की तलाशी ली गई। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बरामद मोर्टार शेल को सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया है।
वहीं दूसरी घटना दरहाल थाना क्षेत्र के थन्नामंग के मीर मोहल्ला में हुई। यहां मुहम्मद कबीर पुत्र शम्स दीन खेत में जुताई कर रहे थे, तभी उन्हें जमीन के भीतर एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। नजदीक जाकर देखने पर वह ग्रेनेड जैसी प्रतीत हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच में बरामद वस्तु एक पुराना जंग लगा ग्रेनेड निकला, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।
वहीं सुचेतगढ़ सैक्टर के सीमांत गांव नई बस्ती क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक जंग लगा मोर्टार शैल मिलने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे सरवन सिंह पुत्र घनाचंद निवासी नई बस्ती सुचेतगढ़ के खेतों में संदिग्ध मोर्टार शेल पड़ा मिला। घटना की सूचना बी.एस.एफ. 165 बटालियन द्वारा थाना आर.एस.पुरा को दी गई, जिसके बाद तुरंत बम निरोधक दस्ते (बी.डी.एस.) को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजैंसियां मौके पर पहुंच गईं तथा इलाके को सुरक्षित कर लिया गया।

