बिजनेस डेस्कः वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों ने आज भारतीय शेयर बाजार में शानदार रैली को जन्म दिया। घरेलू बाजार में शुरुआती कारोबार से ही चौतरफा खरीदारी देखने को मिली, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। इस रौनक में BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹4 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गया यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही ₹4 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गई है।

सुबह लगभग 09:56 बजे, BSE Sensex 359.82 अंक यानी 0.48% की तेजी के साथ 75,678.21 पर कारोबार कर रहा था, जबकि Nifty 50 137.65 अंक यानी 0.58% चढ़कर 23,796.65 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 75,945.79 और निफ्टी 23,859.90 के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गए थे।

बाजार की तेजी केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी दर्ज की गई। Nifty Midcap 100 और Nifty Smallcap 100 दोनों में आधे फीसदी से अधिक की मजबूती देखी गई। सेक्टरवार लगभग सभी प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।

बाजार में तेजी की मुख्य वजहें

1. अमेरिका-ईरान तनाव कम होने की उम्मीद

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump द्वारा ईरान को जवाब के लिए कुछ समय देने की बात से दोनों देशों के बीच समझौते की उम्मीद बढ़ी है। इससे वैश्विक निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और दुनिया भर के बाजारों में सकारात्मक माहौल बना।

2. कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता घटी

रिपोर्ट्स के अनुसार तेल से लदे जहाज सुरक्षित रूप से Strait of Hormuz से गुजरने में सफल रहे, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम हुई। इसका असर निवेशकों की धारणा पर सकारात्मक पड़ा।

3. वैश्विक बाजारों में मजबूत तेजी

अमेरिकी बाजारों में रातभर शानदार तेजी रही। टेक शेयरों की खरीदारी से नास्डैक डेढ़ फीसदी से अधिक मजबूत बंद हुआ, जबकि एसएंडपी 500 में भी 1% से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई। यूरोप में फ्रांस का CAC, जर्मनी का DAX और ब्रिटेन का FTSE भी मजबूती के साथ बंद हुए।

एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 और ताइवान वेटेड इंडेक्स 3.5% से अधिक चढ़े, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7% से ज्यादा उछल गया।

4. रुपए में मजबूत रिकवरी

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए में सुधार ने भी बाजार को सहारा दिया। बुधवार को रिकॉर्ड निचले स्तर ₹96.82 पर बंद होने के बाद रुपया आज मजबूत होकर ₹96.30 प्रति डॉलर पर खुला।

5. इंडिया VIX में गिरावट

बाजार की घबराहट को मापने वाला India VIX गिरकर 18 के नीचे आ गया। फिलहाल यह करीब 3% की कमजोरी के साथ 17.89 पर कारोबार कर रहा है। VIX में गिरावट आमतौर पर बाजार में निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत मानी जाती है।

निवेशकों की दौलत में ₹4.57 लाख करोड़ का उछाल

एक कारोबारी दिन पहले यानी 20 मई 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,60,44,252.204 करोड़ था। आज यानी 21 मई 2026 को मार्केट खुलते ही यह ₹4,65,01,820.44 करोड़ पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में ₹4,57,568.236 करोड़ का इजाफा हुआ है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version