राजस्थान के अलवर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आ रहा है. यहां कार में दम घुटने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई है. यह मामला अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपूरी इलाके की है. जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां खेलते-खेलते पास स्थित एक कार सर्विस सेंटर पहुंच गईं. वहां खड़ी एक लाल रंग की कार में घुस गई थीं.
दोनों जैसे ही कार के अंदर बैठी कार का दरवाजा अचानक बंद हो गया और बच्चियां उसे दोबारा खोल नहीं पाईं. दोनों गाड़ी के अंदर ही फंसी रह गईं. इतनी गर्मी और तपिश में कार के अंदर ही उनका दम घुट गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें दोनों लड़कियां का में घुसती हुई दिखाई दे रही हैं.
पिता के साथ रहती थीं दोनों बच्चियां
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है. लड़कियों की पहचान टीना बाई (8) और लक्ष्मी (5) के रूप में हुई है और उनके पिता एक हेयर सैलून चलाते हैं. पिता ने बताया कि वो बच्चियों के पिता ने बताया कि वो मूल रूप से बेड़म के रहने वाले हैं और वर्तमान में खुदनपूरी में किराए के मकान में अपनी दोनों बेटियों के साथ रह रहे थे. दोनों बच्चियां सगी बहनें थीं, जबकि उनकी मां का चार साल पहले ही निधन हो चुका है.
पिता ने बताया कि रोज की तरह वो सुबह बच्चों को घर पर छोड़कर काम पर चले गए थे, लेकिन जब वो 11 बजकर 30 मिनट पर दोपहर के खाने के लिए घर लौटे तो बच्चियों को गायब पाया. इसके बाद उन्होंने तलाशी शुरू की तो लड़कियां खड़ी कार के अंदर बेहोश मिलीं. उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

