देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने दो अलग-अलग तस्वीरें पेश की हैं। एक ओर पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और भीषण गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी। लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने की विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

मैदानी इलाकों में गर्मी का कहर जारी

देहरादून समेत मैदानी जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने राज्य की प्रत्येक चिकित्सा इकाई में विशेष हीट स्ट्रोक रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य लू से प्रभावित मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

बद्रीनाथ-केदारनाथ की ऊंची चोटियों पर हिमपात

चमोली जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। बद्रीनाथ धाम की ऊंची चोटियों और हेमकुंड साहिब क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बद्रीनाथ धाम में देर शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसी दौरान तीर्थ यात्रियों ने कतारबद्ध होकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए।

वहीं केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ है, जिससे तापमान में कमी महसूस की गई। कुमाऊं मंडल के ओम पर्वत क्षेत्र में भी शाम के समय बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

पिथौरागढ़ में बारिश से जंगलों की आग पर काबू

पिथौरागढ़ के कई इलाकों में बारिश होने से जंगलों में लगी आग पर काफी हद तक काबू पाया गया। मौसम में बदलाव ने यहां के लोगों को राहत दी है।

अन्य प्रमुख शहरों का तापमान

मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नई टिहरी में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version