बारामूला: मंगलवार को उरी-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिरी के धनखान इलाके के पास भारी भूस्खलन होने से इलाके में अफरा-तफरी और परेशानी का माहौल पैदा हो गया। भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह मलबे, पत्थरों और मिट्टी से भर गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
रिपोर्टों के अनुसार पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक सड़क पर आ गिरा, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। सड़क से मलबा हटाने का कार्य जल्द शुरू किए जाने की संभावना है ताकि यातायात बहाल किया जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें।
रिपोर्ट लिखे जाने तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली। वहीं प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। माना जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ।

